ताशकंद, उज़्बेकिस्तान (निकलेश जैन) – सुपर ग्रैंडमास्टर शतरंज टूर्नामेंट उजचेस कप 2026 का आगाज़ हो चुका है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का तीसरा संस्करण है। वर्ष 2024 में मेजबान खिलाड़ी Nodirbek Yakubboev ने खिताब जीता था, जबकि 2025 में भारत के R Praggnanandhaa विजेता बने थे।
इस वर्ष भारत की ओर से Arjun Erigaisi और Vidit Gujrathi प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। अन्य प्रतिभागियों में उज़्बेकिस्तान के Nodirbek Abdusattorov, Shamsiddin Vokhidov, Nodirbek Yakubboev और Mukhiddin Madaminov, अमेरिका के Hans Niemann, रूस के Ian Nepomniachtchi, अज़रबैजान के Shakhriyar Mamedyarov तथा ग्रीस के Nikolas Theodorou शामिल हैं।
टूर्नामेंट राउंड-रॉबिन प्रारूप में खेला जा रहा है, जिसमें प्रत्येक खिलाड़ी कुल नौ क्लासिकल मुकाबले खेलेगा।
दो राउंड की समाप्ति के बाद अर्जुन एरिगैसी 1.5 अंक के साथ मजबूत स्थिति में हैं, जबकि विदित गुजराती को शुरुआती दोनों मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। पहले राउंड में अर्जुन ने काले मोहरों से खेलते हुए शमसिद्दीन वोखीदोव के साथ ड्रॉ खेला। इसके बाद दूसरे राउंड में उन्होंने सफेद मोहरों से खेलते हुए 2024 के चैंपियन नोदिरबेक याकुबबोएव को मात्र 36 चालों में पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। इंग्लिश ओपनिंग से शुरू हुई इस बाजी में अर्जुन ने अत्यंत आक्रामक और जटिल खेल का प्रदर्शन किया।
दूसरी ओर, विदित के लिए टूर्नामेंट की शुरुआत निराशाजनक रही है। पहले राउंड में वह शखरियार मामेद्यारोव के खिलाफ ड्रॉ की ओर बढ़ते दिख रहे हाथी (रूक) एंडगेम में हार गए। दूसरे राउंड में रूस के यान नेपोमनिशी ने उन्हें क्वीन एंडगेम में मात दी।
दो राउंड के बाद मुखिद्दीन मदामिनोव 2 अंकों के साथ एकल बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं अर्जुन एरिगैसी और नोदिरबेक अब्दुसत्तारोव 1.5-1.5 अंकों के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर चल रहे हैं।
